हिंदू पंचांग के अनुसार सफला एकादशी पौष मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को आती है। “सफला” शब्द का अर्थ है—सफलता दिलाने वाली तिथि। माना जाता है कि इस दिन किया गया व्रत और पूजा व्यक्ति के जीवन में रुकी हुई ऊर्जा को आगे बढ़ाती है, असफलता दूर करती है, और हर कार्य को सफल बनाने की शक्ति देती है।

सफला एकादशी को भगवान विष्णु का अत्यंत प्रिय दिन माना गया है। इस एकादशी के दिन जो भक्त सच्चे मन से भगवान् विष्णु की पूजा आराधना करते हैं, उपवास करते हैं, उन्हें जीवन में सुख, शांति, शुभ फल और आध्यात्मिक उन्नति की प्राप्ति होती है।

सफला एकादशी क्या है?

हर महीने आने वाली दो एकादशियों में से पौष मास के कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली एकादशी को सफला एकादशी कहा जाता है। यह तिथि अपने नाम की तरह ही व्यक्ति के जीवन में सफलता, सकारात्मकता और इच्छित फल प्रदान करने वाली मानी जाती है।

सफला एकादशी की पावन तिथि पर उपवास रखने से मनुष्य के पिछले कर्मों के दोष कम होते हैं, मन शुद्ध होता है और सुख – सौभाग्य की वृद्धि होती है।

सफला एकादशी का महत्व

जीवन में सफलता और समृद्धि लाती है

हिन्दू धर्मग्रंथों में लिखा है कि सफला एकादशी का व्रत उन भक्तों के लिए अत्यंत फलदायी है जो जीवन में रुके हुए कार्यों में प्रगति चाहते हैं। यह व्रत भाग्य और कर्म दोनों को मजबूत करता है।

पापों से मुक्ति का मार्ग

इस एकादशी को “पापमुक्ति एकादशी” भी कहा जाता है। इस दिन व्रत रखने से जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट होते हैं और मन पवित्र होता है।

मन की शांति और सकारात्मक ऊर्जा

सफला एकादशी पर उपवास और भक्ति करने से मन शांत होता है, चित्त स्थिर होता है और ध्यान करने की क्षमता बढ़ती है।

भगवान विष्णु की विशेष कृपा

इस दिन विष्णु चालीसा ,विष्णु सहस्रनाम, नारायण स्तोत्र और “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का जप करने से भगवान विष्णु की कृपा शीघ्र प्राप्त होती है।

कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलने की शक्ति

जो लोग जीवन में संघर्ष, नकारात्मक विचार या आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हों, उनके लिए सफला एकादशी का व्रत एक दिव्य संबल का कार्य करती है।

सफला एकादशी व्रत कैसे करें?

  • व्रत से एक दिन पहले सात्त्विक भोजन करें ।
  • एकादशी के दिन अनाज, मांसाहार और लहसुन-प्याज का त्याग करें ।
  • फलाहार या निर्जला व्रत अपनी शक्ति के अनुसार रखें ।
  • भगवान विष्णु ,माँ लक्ष्मी तथा तुलसीजी की पूजा करें ।
  • विष्णु सहस्रनाम ,विष्णु चालीसा तथा विष्णु महामंत्र का जाप करें।
  • सफला एकादशी के दिन दान-पुण्य करें। कंबल, अनाज,घी तथा दीप का दान करना शुभ माना जाता है।

सफला एकादशी सिर्फ उपवास रखने का दिन नहीं, बल्कि सफलता और शुभ फल प्रदान करने वाली दिव्य तिथि है। इस दिन किया गया व्रत मनुष्य के जीवन से नकारात्मकता को दूर करता है और जीवन में सुख, समृद्धि और शांति लाता है। सफला एकादशी मनुष्य के जीवन में परिवर्तन, सफलता और नये आरंभ की ऊर्जा प्रदान करती है

यदि आप जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं, अपने मन को शुद्ध करना चाहते हैं और भगवान की कृपा प्राप्त करना चाहते हैं, तो सफला एकादशी का व्रत अत्यंत श्रेष्ठ माना गया है।